चालान काटा तो भड़का दुकानदार का भाई, निगम सुपरवाइजर से की जातिसूचक गाली-गलौज

चालान काटा तो भड़का दुकानदार का भाई, निगम सुपरवाइजर से की जातिसूचक गाली-गलौज
जलेबी दुकान संचालक के भाई पर चालान काटने के बाद जातिसूचक शब्दों बोलकर धमकी देने का आरोप
भोपाल,यशभारत। राजधानी में एक नगर निगम सुपरवाइजर ने चालानी कार्रवाई के दौरान जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। सुपरवाइजर ने आज, 8 नवंबर को अनुसूचित जाति थाना प्रभारी भोपाल को लिखित शिकायत दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता, अनिल सरसकान (पिता जगदीश सरसकान), नगर निगम जोन क्रमांक-8 वार्ड क्रमांक 46 में पिछले 15 वर्षों से सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं।
अनिल सरसकान ने बताया कि 3अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे, ‘बाबा जलेबी’ की दुकान पर गंदगी पाए जाने के कारण चालानी कार्रवाई की गई थी। इस दौरान, दुकान संचालक बाबा जलेबी के छोटे भाई रवि पाल ने उनसे और अन्य कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक गाली-गलौज की।
जिसके बाद आज 8 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे, रवि पाल तीन से चार अन्य लोगों के साथ 5 नंबर मार्केट स्थित सुपरवाइजर के हाजिरी स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने अनिल सरसकान को धमकाया और दोबारा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “तुम नीच जाति के हो, तुम मेरी दुकान का चालान करोगे।” उन्होंने सरसकान को किसी भी समाज के सामने न आने की भी धमकी दी। जिसके बाद फरियादी अनिल सरसकान ने थाना प्रभारी से आग्रह किया है कि आरोपी रवि पाल के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।







