बिजली कंपनी ने करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर किया आगाह हाईटेंशन लाइनों और ट्रांसफार्मरों के पास न लगाएं ठेले-दुकानें, बरतें विशेष सावधानी

बिजली कंपनी ने करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर किया आगाह
हाईटेंशन लाइनों और ट्रांसफार्मरों के पास न लगाएं ठेले-दुकानें, बरतें विशेष सावधानी
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आम जनता, व्यापारियों और फेरीवालों से अपील की है कि वे अपने हाथ ठेले गुमठियां और फुटकर दुकानें हाईटेंशन बिजली लाइनों तथा ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी पर ही लगाएं। कंपनी ने चेतावनी दी है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। कंपनी के अनुसार कई स्थानों पर चाय की गुमठियां और अस्थायी दुकानें बिजली लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों के बेहद नजदीक संचालित हो रही हैं जिससे करंट लगने का खतरा बना रहता है। उपभोक्ताओं से विद्युत उपकरणों और लाइनों से छेड़छाड़ न करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1912 उपाय एप या निकटतम वितरण केंद्र को सूचना देने की अपील की गई है। विद्युत कंपनी ने कहा कि आंधी तूफान के दौरान टूटे हुए तारों या खंभों के पास न जाएं और जमीन पर पड़े तारों को छूने या पार करने का प्रयास न करें। बारिश के मौसम में बिजली खंभों और स्टे वायर के आसपास विशेष सावधानी बरतें क्योंकि करंट लीकेज की संभावना बढ़ जाती है। कंपनी ने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि मवेशियों को बिजली खंभों या स्टे वायर से न बांधें। घरों और दुकानों में सुरक्षित वायरिंग कराएं तथा किसी भी विद्युत खराबी को स्वयं ठीक करने के बजाय प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन की सहायता लें। विद्युत कंपनी ने किसानों से भी अपील की है कि वे बिजली लाइनों के नीचे फसल का भंडारण न करें और खेतों में कटी फटी तारों का उपयोग करने से बचें। साथ ही शादी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में अतिरिक्त विद्युत भार के लिए अस्थायी कनेक्शन लेने और गुणवत्ता युक्त केबल एवं सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। कंपनी ने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है इसलिए बिजली से जुड़े सभी कार्यों में सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है।







