देशमध्य प्रदेश

मुहर्रम जुलूस में हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, तीन की मौत, 10 से अधिक घायल

ताजिए में करंट फैलते ही हुआ धमाका

रतलाम। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार देर रात मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में निकाला जा रहा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे मेवाती मोहल्ले से ताजिए का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में करीब 150 से 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 15 फीट की ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकरा गया। संपर्क में आते ही ताजिए की लोहे की रॉड में करंट दौड़ गया और उसे उठाकर चल रहे लोग एक-एक कर नीचे गिर पड़े। तेज धमाके और चिंगारियों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार हादसे में 32 वर्षीय राशिद खान और 40 वर्षीय सड्डू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अरबाज खान ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में झुलसे कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पिपलौदा थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण हाईटेंशन लाइन का अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर होना बताया जा रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button