ट्रैक्टर और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़त में छात्र की मौत -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

ट्रैक्टर और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़त में छात्र की मौत
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
मिसरोद थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़त में एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
एएसआई छत्रापाल सिंह ने बताया कि सतलापुर मंडीदीप निवासी विकास राय पुत्र धनीराम(19) स्कूली छात्र था। उसके पिता ड्राइवर हैं। कल दोपहर करीब तीन बजे वह अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए स्कूटी से बंगरसिया जा रहा था। जब वह समरधा टोला के पास मोढ़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी आमने-सामने की भिड़त हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक छात्र को घायल अवस्था में छोड़ कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। इस हादसे में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे की सूचना के बाद परिजनों ने उसे एम्स में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त छात्र ने हेलमेट नहीं पहना था, अगर हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
फांसी लगाकर जान दी:-
सूखीसेवनिया थाना के एएसआई राजेन्द्र दण्डोतिया ने बताया कि ग्राम इमलिया कॉलोनी निवासी राजपाल पुत्र मुन्ना लाल मालवीय(20)मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। कल उसने अपने घर में पंखे के कुंदे से रस्सी का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि पुलिस को शुरूआती जांच में पता चला है कि राजपाल ने एक बार पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसे परिजनों ने समय रहते रोक लिया था। अज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।







