भोपाल

दुपट्टे से गला कसा, तकिए से दबाया था मुँह  – ऐसे मौत के घाट उतारी गई आयुषी

दुपट्टे से गला कसा, तकिए से दबाया था मुँह
– ऐसे मौत के घाट उतारी गई आयुषी
– सगाई के रिश्ते को लेकर मां-बेटी में हुआ विवाद
– मामा के पहुंचते ही बढ़ा मामला, अस्पताल में पेट दर्द-उल्टी की कहानी गढ़कर मौत छिपाने की कोशिश
भोपाल, यश भारत । पिपलानी क्षेत्र में युवती आयुषी राय की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में वारदात का खौफनाक तरीका सामने आया है। पुलिस के मुताबिक सगाई के रिश्ते को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद के दौरान मां कमला राय ने अपने भाई विजय राय के साथ मिलकर आयुषी का दुपट्टे से गला कस दिया। इसके बाद विजय ने तकिए से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से आयुषी की मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने घटना को सामान्य मौत बताने के लिए पेट दर्द और उल्टी की कहानी गढ़ी और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस जांच के अनुसार 26 अगस्त को आयुषी को अनंत श्री अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसके गले पर दबाव के निशान देखे। इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कहकर शव वहां से ले गए। पुलिस को सूचना दिए बिना शव घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई। इसी बीच अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत दम घुटने और गला घोंटने के कारण होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर परिजनों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के दौरान बयानों में विरोधाभास मिलने पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना शुरू किया।
मोबाइल में तस्वीर देख मां से हुआ था विवाद
जांच में पुलिस को पता चला कि आयुषी के मोबाइल में किसी अन्य युवक के साथ उसकी तस्वीर थी। पुलिस के अनुसार इसे लेकर उसकी मां कमला राय नाराज थी। वह बेटी पर उसकी सगाई तय युवक से ही शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आयुषी का मामा विजय राय भी वहां पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद कमला राय और विजय राय ने मिलकर आयुषी को काबू किया। आरोप है कि कमला ने दुपट्टे से उसका गला कस दिया, जबकि विजय ने तकिए से उसका मुंह दबा दिया। कुछ ही देर में आयुषी की सांसें थम गईं।
मौत के बाद भी सच छिपाने की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए आयुषी की तबीयत खराब होने की बात कही। पेट दर्द और उल्टी होने का हवाला देकर उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी पुलिस को सूचना नहीं दी गई और शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी की जाने लगी। हालांकि अस्पताल से मिली सूचना और गले पर मिले निशानों ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए।
पूछताछ में खुली वारदात की परतें
पुलिस ने अलग-अलग पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में मां कमला राय और मामा विजय राय की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button