मुलताई के पास ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी समेत 3 की मौत; 9 घायल
कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे सभी श्रद्धालु

बैतूल। बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित नौ लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे। सभी श्रद्धालु एमएच 49 सी 4756 नंबर की कार से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
मृतकों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है, जबकि तीसरी मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया। घायलों में नैतिक (10), उज्ज्वला (45), नीता (25), अनुष्का (18), संगीता, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल और सौरभ (20) शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया। आगे की सीटें पीछे की ओर खिसक गईं और कार की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।







