टाटा नेक्सान कार से हो रही थी अवैध शराब की तस्करी, 225 लीटर शराब और वाहन समेत तस्कर गिरफ्तार

टाटा नेक्सान कार से हो रही थी अवैध शराब की तस्करी, 225 लीटर शराब और वाहन समेत तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक नीले रंग की टाटा नेक्सान कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 225 लीटर शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 14 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जप्त कर एक शातिर बदमाश को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी अरेरा हिल्स थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार थाना खजूरी सड़क पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की टाटा नेक्सान कार के जरिए अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए खजूरी मस्जिद के पास, ईटखेड़ी रोड ग्राम खजूरी सड़क पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को घेर लिया और रोक लिया।
कार की तलाशी में मिला शराब का जखीरा
घेराबंदी के बाद जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके भीतर से अवैध शराब के कुल 25 कार्टून बरामद हुए। इनमें देशी प्लेन मदिरा के कुल 1250 क्वार्टर (मात्रा 225 लीटर) भरे हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये है। जब वाहन चालक से शराब परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने अवैध शराब और 14 लाख रुपये कीमत की टाटा नेक्सान कार यानी कुल 14 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति को विधिवत जप्त कर लिया।







