
गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन समारदुंग सुरंग में हुए भीषण हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरंग के भीतर अभी भी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), सिक्किम पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। हालांकि सुरंग में मीथेन गैस के रिसाव और लगातार बारिश के कारण अभियान बेहद कठिन हो गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:09 बजे तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के तहत बन रही समारदुंग सुरंग में हुआ। अचानक हुए भूस्खलन से सुरंग का प्रवेश मार्ग बंद हो गया और अंदर कार्यरत मजदूर बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद सुरंग में मीथेन गैस का रिसाव शुरू होने से हालात और गंभीर हो गए।
राहत कार्य के दौरान कुछ बचावकर्मी भी जहरीली गैस के प्रभाव से चक्कर खाकर बेहोश हो गए, जिससे अभियान की गति प्रभावित हुई। प्रशासन का कहना है कि सुरंग के भीतर फंसे लोगों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन कई मजदूरों के अंदर होने की आशंका बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों के शवों को सिंगतम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है।






