भोपालमध्य प्रदेश

एसआई ने एसपी के खिलाफ लिखी रोजनामचा रिपोर्ट

एसआई ने एसपी के खिलाफ लिखी रोजनामचा रिपोर्ट
– एसआई का कहना इसे ही सुसाइड नोट समझें
– आईजी बोले मामले की जांच कराई जाएगी
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया थाने में पदस्थ एसआई केसी यादव और देहात एसपी रामशरण प्रजापति के मामले की जांच कराई जाएगी। देहात आइजी राजेश चंदेल का कहना है कि मामला उनके पास आया है। दोनों पक्षों को सुना जाएगा उसके बाद अगली कार्रवाई होगी। एसआई और एसपी के बीच हुआ विवाद दो दिन से महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब एसआई एक मामले की डायरी लेने एसपी प्रजापति के पास पहुंचे थे। एसआई का आरोप है कि एसपी ने उनके साथ गाली गलौच करते हुए अभद्रता की। वहीं मामले को लेकर एसपी की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रोजनामचे में लिखी अपमान की कहानी
सूखी सेवनिया थाने में पदस्थ एसआई केसी यादव ने न केवल एसपी पर गाली-गलौज और बदसलूकी के आरोप लगाए, बल्कि थाने पहुंचकर आधिकारिक रोजनामचे में इस अपमान की कहानी दर्ज कर दी। मामला तब और गंभीर हो गया जब एसआई ने अपनी शिकायत में वरिष्ठ अफसरों को चेतावनी देते हुए लिखा कि न्याय नहीं मिला तो इसी शिकायत को मेरा सुसाइड नोट माना जाए। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एसपी कार्यालय में हुई। एसआई केसी यादव का आरोप है कि एसपी रामशरण प्रजापति ने उन्हें ऑफिस बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गालियां दीं। जब एसआई ने इसका विरोध किया, तो उन्हें धक्के देकर बाहर निकलवाने की धमकी दी गई। इस व्यवहार से आहत होकर एसआई सीधे अपने थाने पहुंचे और रोजनामचे में इस पूरी घटना का विवरण दर्ज कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही एसपी को पता चला कि एसआई ने उनके खिलाफ रोजनामचा डाल दिया है, विवाद और गहरा गया। आरोप है कि एसपी ने दोबारा फोन कर एसआई को फटकार लगाई। इसके तुरंत बाद एसआई के खिलाफ दो अलग-अलग पुराने मामलों को आधार बनाकर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई।

सुसाइड नोट वाली चेतावनी ने चौंकाया
एसआई केसी यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी अपनी लिखित शिकायत में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने भावुक और कड़े लहजे में लिखा है कि एक पुलिसकर्मी के लिए आत्मसम्मान सबसे ऊपर होता है। यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय नहीं मिला, तो वे आत्मघाती कदम उठा सकते हैं और उनकी इस शिकायत को ही अंतिम बयान सुसाइड नोट माना जाए।
जांच कराई जाएगी

मामले की शिकायत प्राप्त हुई है दोनों पक्षों से बात की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
– राजेश चंदेल, आईजी, देहात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button