देश

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, मोदी से आज होगी बैठक

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने पुतिन का किया स्वागत

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। वे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए हैं। सम्मेलन से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने पुतिन का स्वागत किया।

यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार ब्रिक्स में व्यक्तिगत मौजूदगी

फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब पुतिन रूस से बाहर आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से शामिल हो रहे हैं। उनके भारत दौरे को दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने किया स्वागत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पुतिन के भारत पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच बहुआयामी एवं लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं, जो विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं।

ब्रिक्स व्यापार मंच को संबोधित करेंगे पुतिन

रूसी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, पुतिन शुक्रवार को वार्षिक ब्रिक्स व्यापार मंच के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। यह सत्र परंपरागत रूप से शिखर सम्मेलन से पहले आयोजित किया जाता है। इसमें ब्रिक्स देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर संवाद होता है।

इनोप्रोम प्रदर्शनी भी देखेंगे रूसी राष्ट्रपति

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति दोनों देशों के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों द्वारा आयोजित ‘इनोप्रोम प्रदर्शनी’ का भी अवलोकन करेंगे। दोनों नेताओं की बैठक में द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

12 सितंबर से शुरू होगा ब्रिक्स का मुख्य कार्यक्रम

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा। इसमें ब्रिक्स देशों के नेता भारतीय अध्यक्षता में प्रस्तावित विभिन्न पहलों पर चर्चा करेंगे। राजनीति एवं सुरक्षा, अर्थव्यवस्था एवं वित्त तथा सांस्कृतिक एवं मानवीय संबंधों के क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।

कई राष्ट्राध्यक्षों से भी मुलाकात करेंगे पुतिन

शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी सहित अन्य नेताओं के साथ उनकी मुलाकात शामिल है। सम्मेलन में मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी ब्रिक्स नेताओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button