भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल समेत कई जिलों में भी गिर सकती हैं बौछारें

मध्य प्रदेश के पूर्वी संभागों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल समेत कई जिलों में भी गिर सकती हैं बौछारें

भोपाल, यश भारत। चक्रवात अर्नब के कमजोर होकर दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर अवदाब में बदलने के बावजूद इसका असर मध्यप्रदेश में लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात और तेज आंधी का रेड और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी और मैहर में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है, जिसे लेकर प्रशासन और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भोपाल समेत इन हिस्सों में भी बरसेंगे बादल
पूर्वी मध्यप्रदेश के अलावा राजधानी भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रीवा, जबलपुर, नर्मदापुरम और सागर संभागों में भी कुछ जगहों पर पानी गिरा। इस बीच अमरकंटक में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

बारिश और बादलों के इस दौर के बीच प्रदेश के तापमान में भी अंतर देखा गया है। खंडवा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खरगोन में 34°, रतलाम में 33° और सागर में 32.8° तापमान रहा। वहीं दूसरी ओर, पचमढ़ी सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम में आए इस बदलाव से शहडोल संभाग के अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button