भोपालमध्य प्रदेश

शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका पर जोर, नवाचार से रोजगार सृजन का आह्वान

शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका पर जोर, नवाचार से रोजगार सृजन का आह्वान

भोपाल यश भारत। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी मुख्यालय में नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम में बिजली क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सराहा गया। गोविंदपुरा स्थित पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और नवाचार आधारित रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषिका नेचुरल्स प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक एवं उद्यमी प्रतिभा तिवारी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसे प्रयास महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे केवल योजनाओं की लाभार्थी बनकर न रहें बल्कि नवाचार के माध्यम से स्वयं रोजगार सृजक बनें। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में भूमिशा ऑर्गेनिक्स से शुरू हुई उनकी यात्रा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है। वर्ष 2022 में स्थापित कृषिका नेचुरल्स के माध्यम से उन्होंने मिलेट्स आधारित उत्पादों में नवाचार किया। उनके द्वारा विकसित मिलेट सॉफ्ट सर्व आइसक्रीम को जी 20 शिखर सम्मेलन में भी सराहना मिली। वर्तमान में वे अम्मा द टेस्ट ऑफ ट्रेडिशन ब्रांड के तहत मिलेट्स से बने 28 से अधिक उत्पाद बाजार में उपलब्ध करा रही हैं।  तिवारी ने बताया कि उनके साथ 1200 से अधिक किसान और 250 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं जो प्रदेश के 76 गांवों में कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश से दक्षिण अमेरिका को 58 मीट्रिक टन आलू और बहरीन को प्याज का निर्यात भी किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक स्वाती सिंह ने कहा कि बिजली जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिलाएं तकनीकी उपभोक्ता सेवा और प्रशासनिक प्रबंधन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से कंपनी नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला अधिकारियों ने कार्यस्थल की चुनौतियों और उनके समाधान से जुड़े अनुभव साझा किए जिससे नई महिला कर्मियों को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में कंपनी मुख्यालय और भोपाल क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों से बड़ी संख्या में महिला अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी  मनोज द्विवेदी एवं उप महाप्रबंधक नीतू सिंह ने किया जबकि उप महाप्रबंधक मानव संसाधन निशा कुमार ने आभार व्यक्त किया। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ऊर्जा क्षेत्र के आधुनिकीकरण और उपभोक्ता संतुष्टि में महिला शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button