भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

शाही मस्जिद को नहीं हटाया जा रहा, चौड़ीकरण की जद में आया हिस्सा समाज खुद हटा रहा : सनवर पटेल कहा- मामले को वक्फ कानून से जोड़ना उचित नहीं,  भड़काने वालों को दी चेतावनी , वीडियो देखें

शाही मस्जिद को नहीं हटाया जा रहा, चौड़ीकरण की जद में आया हिस्सा समाज खुद हटा रहा : सनवर पटेल

कहा- मामले को वक्फ कानून से जोड़ना उचित नहीं,  भड़काने वालों को दी चेतावनी

भोपाल, यश भारत। उज्जैन की शाही मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मस्जिद को न तो हटाया जा रहा है और न ही विस्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा मस्जिद का हिस्सा समाज और मस्जिद कमेटी द्वारा स्वयं हटाया जा रहा है। सनवर पटेल के अनुसार प्रशासन के साथ हुई बैठक में शहर काजी और मुस्लिम समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया था कि चौड़ीकरण के रास्ते में आने वाले हिस्से को समाज के लोग स्वयं हटाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मस्जिद का यह हिस्सा नहीं हटाया जाएगा। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन और समाज के वरिष्ठ लोगों ने आपसी सहमति से जो निर्णय लिया है, उसी के अनुसार कार्रवाई हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मामले को लेकर भ्रम फैलाने और लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सनवर पटेल ने कहा कि शाही मस्जिद के मामले को नए वक्फ कानून से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मस्जिद कमेटी ने अपने अधिकारों के लिए न्यायालय का भी रुख किया था, लेकिन बाद में शहर और समाज के हित में प्रशासन के साथ मिलकर मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने का निर्णय लिया गया। सनवर पटेल ने बताया कि हटाए जाने वाले हिस्से में कुछ दुकानें और मीनार का हिस्सा शामिल है। उन्होंने कहा कि मस्जिद को हटाने या विस्थापित करने की बात सही नहीं है बल्कि केवल सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाया जा रहा है। उन्होंने बाहर से आकर लोगों को कथित तौर पर भड़काने और गलत जानकारी फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बचना चाहिए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button