भोपाल में भीषण गर्मी का असर, पारा 43 डिग्री के पार

भोपाल में भीषण गर्मी का असर, पारा 43 डिग्री के पार
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है और राजधानी भोपाल भी इसकी चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में लू का असर देखने को मिल रहा है। बुधवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। तापमान लगातार बढ़ने से यहां भी गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने से लोगों को खासा परेशान होना पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वातावरण में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली है, लेकिन मध्य और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव अभी भी बना हुआ है। राजधानी भोपाल में भी सुबह से ही तेज धूप पड़ने लगी है और दोपहर होते-होते गर्मी असहनीय हो जाती है।
भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। गर्मी से बचने के लिए लोग छाता, गमछा और पानी की बोतल लेकर घर से निकल रहे हैं। वहीं अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में दिन के समय लू चलने के बाद शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि भोपाल में फिलहाल बारिश के स्पष्ट संकेत नहीं हैं।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया, जहां पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सीधी में 44.6 डिग्री और श्योपुर में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में 43.6 डिग्री तापमान दर्ज होने से यह भी प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।







