भोपाल

प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 6 शहरों में पारा 44 डिग्री पार 

प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 6 शहरों में पारा 44 डिग्री पार 
ग्वालियर समेत 22 जिलों में लू का अलर्ट, 27 अप्रैल से बारिश के आसार
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। शनिवार को छह शहरों में पारा 44 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर संभाग, चंबल संभाग, सागर संभाग और रीवा संभाग में भी तापमान तेजी से बढ़ा हुआ है। इसके अलावा मालवा-निमाड़ क्षेत्र के शहर इंदौर और उज्जैन के साथ भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के 22 जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इनमें ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं।
वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी का असर बरकरार रहेगा और यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राहत की बात यह है कि 27 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल तेज गर्मी और लू के कारण लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button