मेडिकल कॉलेज में एससीआई-कॉन 2026 का आयोजन, आठ कैंसर सर्जरी का लाइव प्रदर्शन

मेडिकल कॉलेज में एससीआई-कॉन 2026 का आयोजन, आठ कैंसर सर्जरी का लाइव प्रदर्शन
जबलपुर, यश भारत। मेडिकल कॉलेज जबलपुर के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विभागों द्वारा 3 और 4 अक्टूबर को एससीआई-कॉन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आधुनिक मिनिमली इनवेसिव कैंसर सर्जरी की आठ लाइव प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने छोटे चीरों के माध्यम से की जाने वाली आधुनिक कैंसर सर्जरी की तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
चार शहरों से विशेषज्ञों ने किया लाइव प्रदर्शन
लाइव सर्जरी में मुंबई के डॉ. अनिल हीरूर, अहमदाबाद के डॉ. अभिषेक जैन, नागपुर के डॉ. अभिनव देशपांडे और इंदौर के डॉ. साकेत मित्तल ने ऑपरेटिंग सर्जन के रूप में सहभागिता की। सम्मेलन में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से 166 प्रतिनिधि शामिल हुए। मेडिकल काउंसिल से मान्यता प्राप्त सम्मेलन के लिए चार क्रेडिट पॉइंट निर्धारित किए गए थे।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए 52 शोध कार्य
सम्मेलन में 44 संकाय विशेषज्ञों ने भाग लिया। इनमें भोपाल, सागर, शहडोल, सतना, रीवा और बुधनी के मेडिकल कॉलेजों के सर्जरी विभागाध्यक्ष भी शामिल रहे। स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने 37 पोस्टर, 12 अवॉर्ड पेपर और तीन ऑपरेटिव वीडियो प्रस्तुत किए। आयोजन अध्यक्ष डॉ. अर्पण मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. हरि दमड़े व डॉ. प्रशांत यादव तथा सचिव डॉ. योगेश तिवारी व डॉ. दिनेश कटेहा के नेतृत्व में हुआ। सम्मेलन के माध्यम से विशेषज्ञों और युवा चिकित्सकों को आधुनिक कैंसर सर्जरी, शोध और ऑपरेटिव प्रशिक्षण के क्षेत्र में अनुभव साझा करने का अवसर मिला।







