जबलपुरमध्य प्रदेश

‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर घमासान: सांसद संध्या राय ने विपक्ष पर साधा निशाना

सशक्तिकरण को केवल चुनावी मुद्दा बनाने का लगाया आरोप

जबलपुर,यशभारत। भिंड की सांसद संध्या राय ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। रानीताल स्थित भाजपा संभागीय कार्यालय में उन्होंने कहा कि इस विधेयक का विरोध कर विपक्षी दलों ने अपनी “महिला विरोधी मानसिकता” उजागर कर दी है। संध्या राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी गठबंधन ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के मार्ग में बाधा डालकर करोड़ों महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को टालने की सोची-समझी रणनीति बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर था, जिसे राजनीतिक स्वार्थों के कारण रोका गया। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर महिला सशक्तिकरण को केवल चुनावी मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।

संध्या राय ने कहा कि भाजपा सरकार ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें तीन तलाक से मुक्ति, शौचालय निर्माण, बैंक खातों का विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि परिसीमन से किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। सांसद ने कहा कि देश की महिलाएं इस घटनाक्रम को देख रही हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी। उन्होंने दावा किया कि महिला सशक्तिकरण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर साबित भी हुई है। पत्रकार वार्ता में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button