बीजेपी नेता और पार्षद पति से लुटेरों ने मोबाइल लूटा -अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

बीजेपी नेता और पार्षद पति से लुटेरों ने मोबाइल लूटा
-अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
पिपलानी थाना क्षेत्र में बीजेपी नेता और पार्षद पति के हाथ से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। वारदात के वक्त वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी नगर निवासी मनोज विश्वकर्मा पुत्र बालकृष्ण(52) बीजेपी नेता हैं, जबकि उनकी धर्मपत्नी ममला विश्वकर्मा वार्ड-67 से पार्षद हैं। कल शाम करीब साढ़े सात बजे मनोज सोनागिरी स्थित तरूण मेडिकल स्टोर के सामने खड़े होकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। तभी पीछे से लाल रंग की बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीना और फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 55 हजार रूपए बताई जा रही है। लूट की वारदात के बाद फरियादी ने थाना पहुंच कर पुलिस को सूचना दी और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस घटना स्थल और रायसेन रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों का सुराग जुटा रही है।
अपराधों की रोकथाम और सूचना तंत्र हो रहा कमजोर:-
राजधानी में हो रही लूट की वारदातों को पुलिस कितनी गंभीरता से लेता है और पुलिस का अपराधों की रोकथाम को लेकर सूचना और मुखबिर तंत्र कितना मजबूत है। इस बात का उदाहण गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में दो दिन में हुई मोबाइल लूट की दो वारदातों से साफ पता चलता है। गत 2 और 4 अगस्त को हुई मोबाइल लूट की वारदात को गोविंदुपरा थाना पुलिस को पता ही नहीं चला। जब फरियादी महिला और होटल संचालक ने कल थाने पहुंच कर लूट की वारदात की सूचना दी, जब जाकर पुलिस के अपने क्षेत्र में हुई वारदातों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों में बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया। हालंाकि पुलिस अब मामले की जांच कर आरोपियों का पता लगाने में जुट गई है। इसके लिए पुलिस दोनों घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
्र
मोबाइल लूट की एफआईआर दो सप्ताह बाद दर्ज:-
गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल लूट की वारदात का पता चलने और एफआईआर होने में 17 दिन लग गए। पुलिस के मुताबिक बी-सेक्टर, सर्वधर्म निवासी योगेश कुमार द्विवेदी पुत्र श्रीराम बिहारी द्विवेदी(30) होटल संचालक हैं। गत 2 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्त विक्रम प्रजापति के साथ बाइक पर सवार होकर आईटीआई तिराहा रायसेन रोड से गुजर रहे थे। इस दौरान बाइक की पिछली सीट पर बैठे योगेश मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। तभी ब पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। मोबाइल की कीमत 25 हजार रूपए बताई गई है। इलाके में हुई लूट की वारदात का पुलिस को उस वक्त पता चला, जब कल फरियादी एफआईआर कराने थाने पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
15 दिन बाद दर्ज हुआ मोबाइल लूट का केस:-
गोविंदपुरा इलाके में एक महिला के हाथ से अज्ञात बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूट कर ले गया था। करीब 15 दिन बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञता के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना पुलिस के मुताबिक सी-सेक्टर बरखेड़ा निवासी देविका साहू पति धनराज(57) गृहणी हैं। वह गत 4 अगस्त की शाम करीब पौने छह बजे अपनी सहेली के साथ घर से पैदल टहलने निकली थी। जब वह गणेश चौक के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने उनका पर्स छीन लिया, पर्स में एक मोबाइल रखा हुआ था, जिसकी कीमत करीब पांच हजार रूपए बताई जा रही है।







