चार महीने से खुदी सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
जबलपुर, यश भारत

चार महीने से खुदी सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
जबलपुर, यश भारत।जबलपुर रेलवे स्टेशन डिपो से अंधेरी पुलिया होते हुए कांचघर तक का मार्ग इन दिनों आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। क्षेत्र में पाइपलाइन डालने के लिए पिछले चार से पांच महीनों से खुदाई कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। हालत यह है कि पूरी सड़क जगह-जगह से खोद दी गई है और खुदाई के बाद मार्ग को समतल भी नहीं किया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर इस मार्ग पर धूल उड़ती रहती है, जबकि रात के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। सबसे बड़ी समस्या यहां की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है। क्षेत्र में लाइटें कभी चालू रहती हैं तो कभी पूरी तरह बंद हो जाती हैं, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। सड़क पर बने गड्ढे और अधूरी खुदाई अंधेरे में दिखाई नहीं देती, जिसके कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
यह मार्ग रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। लेकिन लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि बारिश से पहले यदि सड़क और नालियों का काम पूरा नहीं हुआ तो हालात और बदतर हो जाएंगे।
लोगों ने आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा। कई जगह बैरिकेडिंग अधूरी है, जबकि सड़क किनारे मलबा फैला होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। रात में अंधेरा रहने के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन कार्य को जल्द पूरा कर सड़क को व्यवस्थित किया जाए और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।







