तेजगढ़ में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत, बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदली
जबलपुर,यशभारत,

जबलपुर,यशभारत, गाड़ाघाट लौट रहे एक व्यक्ति की देर रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामबहादुर गौड़ (45 वर्ष), पिता कल्लू गौड़, निवासी ग्राम गाड़ाघाट, थाना पाटन, जिला जबलपुर के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रामबहादुर गौड़ अपनी बड़ी बेटी की शादी का निमंत्रण देने के लिए तेजगढ़ गए हुए थे। उनकी बेटी की शादी आगामी 27 जून को प्रस्तावित थी। शादी के निमंत्रण देकर वे देर रात अपने घर गाड़ाघाट लौट रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामबहादुर गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। जिस घर में 27 जून को बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।







