बैसाखी पर तीर्थयात्रियों को रेलवे का तोहफा: दिल्ली-अशोकनगर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

बैसाखी पर तीर्थयात्रियों को रेलवे का तोहफा: दिल्ली-अशोकनगर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
भोपाल, यशभारत। रेलवे प्रशासन ने आगामी बैसाखी पर्व के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित और अनारक्षित दोनों श्रेणियों की सुविधा प्रदान करेगी।
समय सारणी और संचालन गाड़ी संख्या 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला से शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 04:00 बजे अशोकनगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04003 अशोकनगर से बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को शाम 17:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08:45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान दोनों दिशाओं में निम्नलिखित स्टेशनों पर रुकेगी:
फरीदाबाद, पलवल, कोसीकलां, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन और बीना जंक्शन।
कोच संरचना: जनरल डिब्बों की अधिकता यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इसमें आम यात्रियों के लिए 19 जनरल कोच, 02 स्लीपर, 01 थर्ड एसी और 02 एसएलआर कोच शामिल होंगे। सभी कोच आधुनिक बायो-टॉयलेट सुविधा से लैस होंगे।







