जबलपुरमध्य प्रदेश

नये औद्योगिक क्षेत्र और रोजगार पर फोकस: कलेक्टर के सख्त निर्देश, स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा”

“सीखो-कमाओ योजना” से जोड़ने के निर्देश भी दिए

जबलपुर,यशभारत। जिले में उद्योग, रोजगार और कौशल विकास को गति देने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने नये औद्योगिक क्षेत्रों के लिए चिन्हित भूमि के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के साथ ही स्टार्टअप्स और एमएसएमई उत्पादों की मार्केटिंग हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने और स्थानीय संस्थानों को “सीखो-कमाओ योजना” से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में खाद्य प्रसंस्करण क्लस्टर की स्थापना, संभावित निवेशकों से प्रस्ताव प्राप्त करने तथा जिले में सिंघाड़ा प्रसंस्करण इकाई की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

वहीं, MSME के तहत नये औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न स्थानों पर भूमि आवंटन प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में पिछले वर्ष लक्ष्य से अधिक हितग्राहियों को ऋण प्रदान किया गया। कलेक्टर ने आगामी बैठक में स्वरोजगार से जुड़े अन्य विभागों और संस्थानों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button