जबलपुरमध्य प्रदेश

जुआ फड़ पर छापा, 8 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार; 35 हजार 120 रुपए जब्त

अधारताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। शहर में जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू कंचनपुर क्षेत्र में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को ताश के पत्तों पर रुपए की हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगेहाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 35 हजार 120 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में अधारताल पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार के अनुसार 23 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू कंचनपुर तीन पुलिया रोड के किनारे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआरियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश कुमार पटेल (48), भागीरथ रजक (35), देवेन्द्र चौकसे (50), अरविन्द ओझा (52), हरीश आर्या (55), महेन्द्र रैकवार (44), उत्तम पटेल (48) और सुरेन्द्र दाहिया (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ 35,120 रुपए जब्त किए। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ-सट्टा संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button