Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

दो दिन से बंद था क्वार्टर, अंदर मिला प्रधान आरक्षक का शव

जबलपुर,यशभारत। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन परिसर के क्वार्टर में मंगलवार को एक प्रधान आरक्षक का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुरेश चौधरी के रूप में हुई है, जो रांझी थाने में पदस्थ थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगी हुई थी। वे पुलिस लाइन के क्वार्टर क्रमांक 5-सी में अकेले रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से प्रधान आरक्षक के क्वार्टर का दरवाजा बंद था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने और अंदर से प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आसपास रहने वाले लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद पड़ोसियों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां सुरेश चौधरी मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना के समय उनका परिवार त्योहार मनाने गांव गया हुआ था सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रधान आरक्षक अत्यधिक शराब पीने के आदी थे। बताया गया है कि घटना से दो दिन पहले भी उन्होंने शराब का सेवन किया था। प्रारंभिक जानकारी में फांसी लगाने की बात सामने आई है, हालांकि फिलहाल किसी जहरीले पदार्थ अथवा अन्य वस्तु के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button