एमडी ड्रग्स के साथ प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार, वडोदरा से लाकर भोपाल के क्लबों में करता था सप्लाई

एमडी ड्रग्स के साथ प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार, वडोदरा से लाकर भोपाल के क्लबों में करता था सप्लाई
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे नशे से दूरी, है जरूरी 2.0 अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वडोदरा (गुजरात) से एमडी ड्रग्स लाकर भोपाल के बड़े क्लबों और पॉश इलाकों में सप्लाई करने वाले आरोपी संदीप सिंह को 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग ₹3,50,000 आंकी गई है।
2 हजार में लाकर 10 हजार प्रति ग्राम में बेचता था
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वडोदरा से ₹2 हजार प्रति ग्राम के सस्ते दाम पर एमडी ड्रग्स लाता था और भोपाल के क्लबों, बावड़िया कलां, मीनाल रेसीडेंसी और इंद्रपुरी जैसे इलाकों में युवाओं को ₹10 हजार प्रति ग्राम के महंगे दामों पर सप्लाई करता था। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए हाल ही में बावड़िया कलां का फ्लैट छोड़कर अयोध्यानगर में किराए का मकान लिया था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।







