प्रणाम उदन्त मार्त्तण्ड में मीडिया, तकनीक और राष्ट्र निर्माण पर मंथन, कार्यक्रम समापन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल

प्रणाम उदन्त मार्त्तण्ड में मीडिया, तकनीक और राष्ट्र निर्माण पर मंथन, कार्यक्रम समापन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल
भोपाल, यश भारत। भारत भवन में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संविमर्श प्रणाम उदन्त मार्त्तण्ड में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि नए भारत का निर्माण सबके साझा प्रयासों से ही संभव है और इसमें मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते समय और नई तकनीक के दौर में सभी को स्वयं को प्रासंगिक बनाए रखना होगा। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और वीर भारत न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हरिवंश ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तय किया और आज देश डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप संस्कृति तथा आधार भूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यूपीआई, इंटरनेट विस्तार और तकनीकी विकास को नए भारत की पहचान बताते हुए कहा कि तकनीक ने गांवों तक नई संभावनाएं पहुंचाई हैं। उन्होंने कहा कि जो देश तकनीक में पीछे रह जाता है उसके सामने आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो जाते हैं। इसलिए नई तकनीकों को अपनाने और विकसित करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों और विशेषज्ञों ने पत्रकारिता, एआई, नागरिक अनुशासन, राष्ट्र निर्माण और मीडिया की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने भाषा पर मजबूत पकड़ और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान लाइव कार्टून शो और कार्यशाला भी आकर्षण का केंद्र रहे। संगोष्ठी का समापन सोमवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में होगा।







