जबलपुरमध्य प्रदेश

आज से शुरू होनी थी प्रैक्टिकल परीक्षा, नही बना एक्सटर्नल पैनल

जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के नोडल सेंटर की बड़ी लापरवाही

आरजीपीवी से संबंध इंजीनियरिंग कॉलेज के हजारों विद्यार्थियों की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल, नई तारीख को लेकर भी असमंजस

जबलपुर, यश भारत। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) से संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों में सेकंड और फोर्थ सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं आज यानी 20 अगस्त से शुरू होनी थीं, लेकिन परीक्षा के लिए एक्सटर्नल एग्जामिनर का पैनल ही तैयार नहीं हो सका। इसके चलते निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू नहीं हो पाईं। विश्वविद्यालय ने 20 से 27 अगस्त के बीच प्रायोगिक परीक्षाएं कराने का कार्यक्रम जारी किया था।

जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया गया है, जिसके अंतर्गत जिले के आरजीपीवी से संबद्ध सभी इंजीनियरिंग कॉलेज आते हैं। परीक्षा शुरू होने के दिन तक एक्सटर्नल पैनल तैयार नहीं होने से कॉलेजों और विद्यार्थियों को यह तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि किस विद्यार्थी का कौन-सा प्रैक्टिकल कब होगा। कई विद्यार्थी परीक्षा की जानकारी मिलने की उम्मीद में कॉलेज पहुंचे, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ा।

त्योहारों के बीच बढ़ी परेशानी

प्रैक्टिकल परीक्षा 27 अगस्त तक प्रस्तावित है, जबकि 28 अगस्त को रक्षाबंधन है। बड़ी संख्या में विद्यार्थी त्योहार के लिए घर जाने की तैयारी कर रहे थे। अब परीक्षा की नई तारीख स्पष्ट नहीं होने से उनके सामने यात्रा और परीक्षा दोनों को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।

समय पर क्यों नहीं तैयार हुआ पैनल?

विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षा कार्यक्रम पहले से निर्धारित था, फिर भी एक्सटर्नल परीक्षकों का पैनल समय पर तैयार नहीं किया गया। इससे नोडल सेंटर की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विद्यार्थियों ने मांग की है कि नई परीक्षा तारीख जल्द घोषित की जाए और सभी कॉलेजों को स्पष्ट कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बार-बार कॉलेज के चक्कर न लगाने पड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button