राजधानी में बिजली गुल, रहवासी परेशान , पांच दिनों से आधी रात के बाद कटौती

राजधानी में बिजली गुल, रहवासी परेशान , पांच दिनों से आधी रात के बाद कटौती,
भोपाल यशभारत । राजधानी भोपाल कई इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती से नागरिकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में पिछले पांच दिनों से रात 1:30 बजे से सुबह 5 बजे तक लगातार बिजली गुल रहने की शिकायत सामने आ रही है। भीषण गर्मी के बीच रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग हर बार लोड अधिक होने और केबल खराब होने जैसे कारण बताकर जिम्मेदारी से बच रहा है। लगातार हो रही कटौती के कारण लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही हैं। बच्चों बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार देर रात स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब परेशान नागरिक सड़क पर उतर आए। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद भी पहुंचे और बिजली विभाग के कर्मचारियों से चर्चा की। कर्मचारियों ने सुधार कार्य शुरू किया लेकिन लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि राजधानी में इस तरह की अव्यवस्था चिंताजनक है। उनका कहना है कि नियमित बिजली कटौती से लोगों का भरोसा बिजली व्यवस्था पर कमजोर हो रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।







