मध्य प्रदेशराज्य

51 लाख 30 हजार रुपये गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह गिरफ्तार : कार जब्त

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 86.600 किलोग्राम गांजा और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 51 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। मामले का खुलासा बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने प्रेसवार्ता में किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 49 सी 3251 में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा नागपुर से भोपाल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के नेतृत्व में थाना प्रभारी लखनादौन निरीक्षक के.पी. धुर्वे एवं थाना प्रभारी छपारा खैमेन्द्र जैतवार ने पुलिस टीम के साथ बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम जाकिर मिया पिता पीर मिया उम्र 58 वर्ष निवासी भोपाल तथा कमल पिता दौलतराम जाटव उम्र 41 वर्ष निवासी भोपाल बताया। पूछताछ में आरोपियों ने कार की सीट के नीचे बने चैम्बर में गांजा छिपाकर रखना स्वीकार किया। पुलिस ने चैम्बर खोलकर तलाशी ली तो उसमें 15 पैकेटों में कुल 86.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 43 लाख 30 हजार रुपये तथा कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, आरक्षक धनेश्वर यादव, ओमप्रकाश धुर्वे और लकेश पटले सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button