इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सियासी घमासान

- राहुल बोले ‘पीएम दबाव में’, गोयल ने कहा ‘यह भारत के हित की डील’

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सियासी घमासान

– राहुल बोले ‘पीएम दबाव में’, गोयल ने कहा ‘यह भारत के हित की डील’

नई दिल्ली, यश भारत भारत और अमेरिका के बीच हाल में हुए व्यापार समझौते को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि यह ट्रेड डील दबाव में आकर की गई है। संसद परिसर में मंगलवार को राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री को किसी कारणवश इस समझौते पर हस्ताक्षर करने पड़े और इसके पीछे उनकी छवि को लेकर भय काम कर रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि चार महीने से रुकी हुई ट्रेड डील में कोई ठोस बदलाव नहीं हुआ और अचानक इसे मंजूरी दे दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ‘कंप्रोमाइज्ड’ हो चुके हैं और इस समझौते के जरिए देश के हितों से समझौता किया गया है। राहुल के मुताबिक, यह पूरा मामला किसी एक बयान तक सीमित नहीं है बल्कि असली चिंता देश के नेतृत्व की स्वतंत्रता को लेकर है।

दूसरी ओर, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को अब तक की सबसे बेहतर डील करार देते हुए कहा कि इस समझौते में भारत को पड़ोसी देशों की तुलना में कहीं अधिक अनुकूल शर्तें मिली हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अर्थव्यवस्था की बुनियादी समझ नहीं है।

गौरतलब है कि यह डील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 2 फरवरी 2026 को हुई फोन बातचीत के बाद सार्वजनिक की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इस अवसर पर घोषणा की कि भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जिसे दोनों देशों की मित्रता का परिणाम बताया गया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button