वाजपेयी नगर मल्टी में पुलिस बिछाएगी सीसीटीवी का जाल, कमिश्नर ने जनता के बीच पहुंचकर किया जनसंवाद

वाजपेयी नगर मल्टी में पुलिस बिछाएगी सीसीटीवी का जाल, कमिश्नर ने जनता के बीच पहुंचकर किया जनसंवाद
– साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों की फरियाद पर ऑन द स्पॉट एक्शन, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना इलाके की वाजपेयी नगर मल्टी अब अपराधियों के लिए नो एंट्री जोन बनने जा रही है। इलाके में बढ़ती चाकूबाजी और चोरी की वारदातों से खौफजदा जनता को राहत देने के लिए खुद पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह मैदान में उतरे। जनसंवाद के दौरान उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए घोषणा की कि पूरे क्षेत्र को जल्द ही सीसीटीवी कैमरों के पहरे में लाया जाएगा। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अब अपराधी पुलिस की नजरों से बच नहीं सकेंगे।
जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। रहवासियों ने बताया कि कैमरों की कमी और सड़कों पर पसरे अंधेरे का फायदा उठाकर संदिग्ध तत्व चाकूबाजी और बाइक चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस पर पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि मल्टी के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से बात कर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करवाने को कहा है, ताकि अंधेरे में पनपने वाले अपराध को जड़ से मिटाया जा सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर संदिग्धों का जमावड़ा होता है, वहां गश्त की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त का संवदेनशील चेहरा भी देखने को मिला। जब दो स्थानीय निवासियों ने अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड की जानकारी साझा की, तो कमिश्नर ने कागजी कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को मामले के त्वरित निराकरण के आदेश दिए। उन्होंने नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के टिप्स दिए और अंत में सड़क सुरक्षा के प्रति संकल्प दिलाते हुए सभी को हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की शपथ दिलाई। इस दौरान डीसीपी मयूर खंडेलवाल, शाहजहानाबाद थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और नागरिक मौजूद रहे।







