भोपाल

भोपाल देहात में बढ़ते अपराधों पर पुलिस की सख्ती – अपराध बढ़े तो जिम्मेदारी भी तय होगी, भोपाल देहात में पुलिस की समीक्षा

भोपाल देहात में बढ़ते अपराधों पर पुलिस की सख्ती
– अपराध बढ़े तो जिम्मेदारी भी तय होगी, भोपाल देहात में पुलिस की समीक्षा
– गंभीर व संपत्ति संबंधी अपराधों पर एसपी की नजर, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
भोपाल, यश भारत। भोपाल देहात के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस ने अब लंबित मामलों की समीक्षा और कार्रवाई को तेज करने पर जोर दिया है। थाना ईंटखेड़ी में एसपी पंकज कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर थानों के कामकाज और प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में गंभीर अपराधों के साथ चोरी, धोखाधड़ी और अन्य संपत्ति संबंधी मामलों में हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। ईंटखेड़ी, बैरसिया, नजीराबाद, गुनगा, परवलिया सड़क, सूखी सेवनिया, बिलखिरिया, खजूरी सड़क और गांधीनगर सहित भोपाल देहात से जुड़े थाना क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और लंबित मामलों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। पुराने लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर उनका जल्द निराकरण करने तथा विवेचना को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में इससे जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
गणेश उत्सव को देखते हुए पुलिस के सामने सुरक्षा की अतिरिक्त चुनौती है। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आयोजनों में शामिल होंगे। इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य किसी घटना के बाद कार्रवाई के बजाय पहले से सतर्क रहकर विवाद और अपराध की स्थिति बनने से रोकना है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, ई-विवेचना, साक्ष्य संकलन और साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। सीसीटीएनएस का प्रभावी इस्तेमाल कर अपराधियों की जानकारी और पुराने मामलों को जोड़कर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। बैठक में एएसपी प्रमोद सोनकर सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button