पुलिस कमिश्नर ने जनसंवाद में नागरिकों को सुरक्षा और साइबर जागरूकता का दिया मंत्र

पुलिस कमिश्नर ने जनसंवाद में नागरिकों को सुरक्षा और साइबर जागरूकता का दिया मंत्र
भोपाल, यशभारत। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने द्वारिका नगर थाना अंतर्गत बजरिया क्षेत्र में नागरिकों के साथ जनसंवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और जागरूक रहने की अपील की।
संवाद के दौरान क्षेत्र के नागरिकों ने वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताते हुए किसी भी बड़ी समस्या के न होने की बात कही। सीपी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी नागरिकों की शिकायतों और सुझावों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनता को संबोधित करते हुए सीपी संजय कुमार ने कहा कि किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। उन्होंने विशेष रूप से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान में जनता का सहयोग मांगा और भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
इस अवसर पर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






