कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने पुलिस उतरी सड़क पर

कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने पुलिस उतरी सड़क पर
पुलिस कमिश्नर ने इतवारा में किया जनसंवाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस व जनता के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने के लिए भोपाल पुलिस ने जनसंवाद पहल की शुरुआत की है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार स्वयं तलैया थाना क्षेत्र के घने बाजार वाले इलाके इतवारा पहुँचे। यहाँ आयोजित एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
मौके पर सुनीं समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
इतवारा में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। लोगों ने मुख्य रूप से यातायात जाम, अतिक्रमण, संदिग्ध गतिविधियों और रात्रि गश्त को बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए। पुलिस कमिश्नर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका समाधान समय सीमा के भीतर हो।
पुलिस और जनता के बीच बढ़ेगा भरोसा
संवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से अपराध की रोकथाम करना भी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर जोर
पुराने शहर के संवेदनशीलता को देखते हुए कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों को पैदल गश्त बढ़ाने और बीट स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जाए, जबकि आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार मित्रवत होना चाहिए।
इनका कहना है..
जनसंवाद का उद्देश्य पुलिस और नागरिकों के बीच की दूरी को खत्म करना है। जब जनता बेझिझक अपनी बात पुलिस तक पहुँचाएगी, तभी हम एक सुरक्षित समाज का निर्माण कर पाएंगे।
संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल







