रांझी की अंजलि कॉलोनी में बमबाजी से दहशत, होटल विवाद के बाद कर्मचारी को बनाया निशाना
स्कूटी सवार चार बदमाशों ने किया हमला

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र स्थित अंजलि कॉलोनी में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूटी सवार चार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ देसी बम फेंक दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला सिविल लाइन स्थित एक होटल में हुए विवाद का बदला लेने की नीयत से किया गया था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने होटल कर्मचारी मट्टू समद को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम सिविल लाइन क्षेत्र के एक होटल में समर सोनकर, अरमान चौहान, हर्ष और उनका एक अन्य साथी कमरा लेकर ठहरे हुए थे। आरोप है कि सभी नशे की हालत में होटल परिसर में हंगामा और अभद्रता कर रहे थे। होटल कर्मचारी मट्टू समद द्वारा उन्हें शांत रहने की समझाइश देने पर विवाद बढ़ गया।
आरोपियों ने कथित रूप से मट्टू समद के साथ बेल्ट से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और होटल प्रबंधन ने सिविल लाइन थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसी विवाद के बाद देर रात जब मट्टू समद रांझी के रिछाई स्थित अंजलि कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा, तो कुछ समय बाद सफेद एक्सिस स्कूटर पर सवार चारों आरोपी वहां पहुंच गए। उन्होंने एक के बाद एक कई देसी बम फेंके, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, फेंके गए बम मट्टू समद के घर के बजाय पड़ोसी अधिवक्ता संतोष भारती के मकान परिसर में जा गिरे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बम धमाकों की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सीएसपी सतीश साहू एवं रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बापू नगर निवासी समर, हर्ष और अरमान स्कूटी पर सवार होकर बम ले जाते और घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दिए हैं। इसके आधार पर रांझी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त विस्फोटक सामग्री और इसके स्रोत की भी जांच की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







