माढ़ोताल में दिनदहाड़े बमबाजी से दहशत: सीसीटीवी में कैद हुआ आतंक, आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर
माढ़ोताल में कानून व्यवस्था पर सवाल

जबलपुर,यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र एक बार फिर गंभीर आपराधिक घटना को लेकर सुर्खियों में है। करमेता बस्ती में दिनदहाड़े हुई बमबाजी की वारदात ने न केवल स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी, बल्कि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में करीब 8 से 10 बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बम फेंके और पूरे इलाके में आतंक का माहौल पैदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सुमित चौबे के घर के बाहर पहुंचकर बमबाजी की घटना को अंजाम दिया। अचानक हुए धमाकों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन बमबाजी के कारण इलाके में भय का वातावरण बना हुआ है। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश खुलेआम बेखौफ होकर बम फेंकते और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद घटना के कई घंटे बाद तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मामले में क्षेत्र के शातिर बदमाश सौरभ यादव का नाम सामने आया है, जिस पर पीड़ित पक्ष से लगभग एक लाख रुपये की अवैध वसूली की मांग करने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते गए। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यदि पुलिस द्वारा पूर्व में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरती गई होती तो दिनदहाड़े बमबाजी जैसी गंभीर वारदात को रोका जा सकता था। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। यह घटना एक बार फिर इस सवाल को जन्म देती है कि आखिर अपराधियों में कानून का भय क्यों समाप्त होता जा रहा है। दिनदहाड़े बमबाजी जैसी संगीन घटना के बाद भी यदि आरोपी खुलेआम फरार घूम रहे हैं, तो यह आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय है।
फिलहाल माढ़ोताल थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों को अब भी अपराधियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।







