करोंद की पंचवटी कॉलोनी कचरे में डूबी

करोंद की पंचवटी कॉलोनी कचरे में डूबी
– साफ सफाई नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी
यश भारत भोपाल। भोपाल के करोंद में स्थित पंचवटी कॉलोनी फेस-2, वार्ड नंबर 78 की गलियां इन दिनों गंदगी और कचरे से पट चुकी हैं। नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई, जिसके चलते गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है। आसपास कचरे के ढेरों से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार वार्ड पार्षद और वार्ड प्रभारी से सफाई की मांग की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, काम नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि पार्षद शायद ही कभी वार्ड में नजर आता है, जिससे यहां की समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पा रहा।
नालियां जाम, सडक़ें बनी गंदे पानी की नहरें
पंचवटी कॉलोनी की गलियों में नालियां जाम हैं। बारिश के पानी और घरेलू गंदगी के कारण नालियां उफन कर सडक़ों पर बह रही हैं। इससे सडक़ें फिसलन भरी हो गई हैं और लोगों को रोजाना की आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासी नीरज श्रीवास्तव ने बताया, नालियां महीनों से नहीं साफ हुईं। गंदा पानी बाहर निकलकर सडक़ पर आ गया है। कई बार निगम को शिकायत की, लेकिन सफाई कर्मचारी कभी आते ही नहीं।
लोगों का कहना है कि हमारे घर के बाहर लगातार पानी जमा रहता है। मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि बच्चों को बीमारियाँ होने लगी हैं। हर बार कहा जाता है कि सफाई होगी, लेकिन सिर्फ झाड़ू लगाकर चले जाते हैं।
वार्ड पार्षद की गैरमौजूदगी से बढ़ी नाराजगी
लोगों का कहना है कि वार्ड पार्षद ने चुनाव के बाद कभी भी क्षेत्र का दौरा नहीं किया। शिकायतों पर ध्यान न देने के कारण जनता में रोष है। कई निवासियों ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर भी उठाया है। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि हमने पार्षद और वार्ड प्रभारी को बार-बार बताया कि रोड पर गंदगी फैल रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड पार्षद सिर्फ नाम के लिए है, जनता के बीच नहीं आता। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को राहत दिलाए। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से निगम कार्यालय का घेराव करेंगे।







