भोपालमध्य प्रदेश
अमृत 2.0 योजना से सीवेज समस्या से मुक्त होगा अपना शहर – किशन सूर्यवंशी

अमृत 2.0 योजना से सीवेज समस्या से मुक्त होगा अपना शहर – किशन सूर्यवंशी
भोपाल, यशभारत। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नगरीय निकायों में सीवेज एवं पेयजल की बेहतर व्यवस्था हेतु प्रारंभ की गई अमृत 2.0 योजना के तहत भोपाल शहर सीवेज समस्या से मुक्त हो जाएगा। सूर्यवंशी ने यह विचार गीतांजलि कॉम्प्लेक्स स्थित सोनिया गांधी परिसर में नगर निगम द्वारा संचालित अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवेज नेटवर्क स्थापित करने के लिए भूमिपूजन करते हुए व्यक्त किए।

सोनिया गांधी परिसर में सीवेज नेटवर्क का भूमिपूजन
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सोमवार को वार्ड क्र. 28 के अंतर्गत गीतांजलि कॉम्प्लेक्स स्थित सोनिया गांधी परिसर क्षेत्र में सीवेज नेटवर्क संबंधी कार्यों हेतु भूमिपूजन किया। सूर्यवंशी ने इस अवसर पर उपस्थितों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं विकास हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ की गई महत्वाकांक्षी योजना अमृत 2.0 के माध्यम से शहर के सभी क्षेत्रों में सीवेज और पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। सूर्यवंशी ने यह भी कहा कि गीतांजलि कॉम्प्लेक्स सोनिया गांधी परिसर सहित आसपास की घनी बस्तियों में सीवेज नेटवर्क समस्या से यहां के नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और पूरा क्षेत्र साफ-स्वच्छ नजर आएगा।
तालाबों के पानी को साफ रखने पर जोर
सूर्यवंशी ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के पूर्ण होने पर भोपाल शहर सीवेज समस्या से मुक्त होगा। उन्होंने शहर के तालाबों के पानी को भी साफ, स्वच्छ पानी के तालाब बनाने के लिए हर संभव प्रयास की बात कही। इस हेतु शहरपुरा, चार इमली सहित अन्य तालाबों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की स्थापना की जा रही है।
नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील
सूर्यवंशी ने नागरिकों को आह्वान किया कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और कचरा गाड़ी वाले को ही दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में सहभागिता से गीतांजलि कॉम्प्लेक्स क्षेत्र भोपाल की सबसे स्वच्छ कॉलोनियों में से एक बनेगा और अपना शहर देश का सबसे स्वच्छ शहर बन जाएगा।







