ऑनलाइन खाना मंगाना हुआ महंगा, जोमैटो ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
जबलपुर, यश भारत

ऑनलाइन खाना मंगाना हुआ महंगा, जोमैटो ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
जबलपुर, यश भारत अगर आप जोमैटो से खाना ऑर्डर करते हैं तो अब आपको हर ऑर्डर पर ज्यादा खर्च करना होगा। कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी का फैसला लिया है, जिससे ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म फीस में 2.40 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां प्रति ऑर्डर 12.50 रुपये (जीएसटी से पहले) वसूले जाते थे, अब यह बढ़कर 14.90 रुपये हो गए हैं। यह नया शुल्क हर ऑर्डर पर लागू होगा यानी दिन में एक बार या कई बार ऑर्डर करने पर हर बार अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सितंबर 2025 में प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा किया गया था। वहीं, प्रतिस्पर्धा में मौजूद स्विगी पहले से ही प्रति ऑर्डर 14.99 रुपये (टैक्स के बाद) वसूल रहा है। दोनों कंपनियां मूल्य निर्धारण के मामले में लगभग समान रुझान अपनाती दिख रही हैं।इस बीच फूड डिलीवरी बाजार में नए बदलाव भी देखने को मिल रहे हैं। अर्बन मोबिलिटी क्षेत्र की कंपनी रैपिडो ने हाल ही में बेंगलुरु में अपनी नई फूड डिलीवरी सेवा ‘ओनली’ शुरू की है। कंपनी का दावा है कि डिलीवरी शुल्क के अलावा ग्राहकों या रेस्टोरेंट्स से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि रैपिडो की इस पहल से मौजूदा कंपनियों पर दबाव बढ़ सकता है, खासकर ऐसे समय में जब ग्राहक पहले से ही फूड ऑर्डर पर लगने वाले विभिन्न अतिरिक्त शुल्कों को लेकर असंतोष जता रहे हैं।







