NSUI का ‘आई लव इंडिया– देश सर्वोपरि’ अभियान

NSUI का ‘आई लव इंडिया– देश सर्वोपरि’ अभियान
भोपाल में दिया राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश
“कट्टरपंथी सोच नकारो, देश को सर्वोपरि मानो”
NSUI ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर किया जनजागरूकता अभियान
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर आज नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) द्वारा “आई लव इंडिया – देश सर्वोपरि” शीर्षक से एक प्रतीकात्मक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों से अपील करना था कि वे किसी भी प्रकार की धार्मिक कट्टरपंथी सोच को नकारते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को सबसे ऊपर रखें।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘आई लव इंडिया’ लिखे पोस्टर लेकर समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
विविधता ही भारत की असली ताकत
NSUI के प्रदेश सचिव अमन पठान ने इस दौरान अपनी बात रखते हुए कहा कि, “आज भारत की असली ताकत उसकी विविधता और गंगा-जमुनी संस्कृति है। हमें धर्म, जाति और भाषा से ऊपर उठकर अपने देश को सर्वोपरि मानना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कट्टरपंथी सोच समाज को तोड़ने का काम करती है, जबकि यह अभियान लोगों को जोड़ने का संदेश देता है।”
सकारात्मक पहल नफरत की राजनीति को देगी चुनौती
म.प्र. कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश महासचिव इंजीनियर संजय मिश्रा ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि, “देश तभी मजबूत होगा जब हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेगा। इस तरह के सकारात्मक प्रयास समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। युवाओं की यह पहल आने वाले समय में नफरत की राजनीति को चुनौती देगी।”







