भोपालमध्यप्रदेश

कोविड काल में रखे गए अस्थायी कर्मचारियों का मांगा हिसाब, एनएचएम ने जारी किया आदेशतीन दिन में देना होगा नियुक्ति से लेकर कार्यमुक्ति तक का पूरा ब्योरा, आधार नंबर और मोबाइल नंबर सहित जानकारी तलब

कोविड काल में रखे गए अस्थायी कर्मचारियों का मांगा हिसाब, एनएचएम ने जारी किया आदेश

तीन दिन में देना होगा नियुक्ति से लेकर कार्यमुक्ति तक का पूरा ब्योरा, आधार नंबर और मोबाइल नंबर सहित जानकारी तलब

भोपाल,यश भारत। कोविड-19 महामारी के दौरान संक्रमण नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में अस्थायी रूप से नियुक्त किए गए मानव संसाधन का अब पूरा रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), मध्य प्रदेश ने प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और जिलों से कोविड काल में रखे गए अस्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति संबंधी विस्तृत जानकारी मांगी है। इस संबंध में एनएचएम के उप संचालक (मानव संसाधन) डॉ. प्रखर सिंह ने 11 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार, कोविड-19 महामारी नियंत्रण के लिए वर्ष 2020 में जिलों में विभिन्न पदों पर अस्थायी मानव संसाधन की सेवाएं लेने के दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। अब इसी नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सभी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के अधिष्ठाता एवं अधीक्षक तथा प्रदेश के समस्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को जानकारी भेजनी होगी।

 नियुक्ति आदेश से लेकर आधार नंबर तक मांगा विवरण

एनएचएम ने अस्थायी रूप से नियुक्त कर्मचारियों का नाम, पदनाम, संस्था का नाम, जिला और विकासखंड सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी हैं। इसके अलावा संबंधित कर्मचारी की नियुक्ति का आदेश और नियुक्ति दिनांक, आधार कार्ड नंबर, कार्य करने के दिनों का विवरण, कार्यभार ग्रहण करने की तारीख, सेवा समाप्ति की तारीख, मोबाइल नंबर और वेंडर कोड भी उपलब्ध कराना होगा।

 तीन दिन की समय-सीमा, ई-मेल और गूगल शीट पर देनी होगी जानकारी

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रारूप में हस्ताक्षरित जानकारी तीन दिवस के भीतर एनएचएम के मानव संसाधन विभाग की ई-मेल आईडी ddhrnhm@mp.gov.in पर भेजनी होगी। साथ ही विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई गूगल शीट में भी पूरा विवरण दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इस आदेश की प्रतिलिपि मिशन संचालक, अपर मिशन संचालक, प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधकों और जिला लेखा प्रबंधकों को भी भेजी गई है। अब सभी संबंधित संस्थानों और जिलों को कोविड काल में की गई अस्थायी नियुक्तियों का दस्तावेजी रिकॉर्ड निर्धारित समय में प्रस्तुत करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button