MURDER : कांच की एक शीशी और थमीं सांसें: खेत के मामूली विवाद ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में खेत में मवेशी लाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जम्होड़ी कला निवासी 50 वर्षीय बुध्दुलाल उइके शाम गांव के ही अशोक मरावी के साथ कोहका टोला गए थे। रात करीब आठ से नौ बजे के बीच वह घायल अवस्था में घर लौटे। उनकी कमर से लगातार खून बह रहा था। परिजनों द्वारा पूछने पर उन्होंने बताया कि कोहका टोला निवासी राजकुमार उर्फ पुच्ची मरावी से खेत में मवेशी लाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की, फिर धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और पास में पड़ी टूटी कांच की शीशी उठाकर उनकी कमर पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बुध्दुलाल किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन अधिक रक्तस्राव और दर्द के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पत्नी सेवबती बाई उइके की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी राजकुमार उर्फ पुच्ची मरावी (35) निवासी कोहका टोला को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत में मवेशियों के प्रवेश को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वहां और कौन-कौन मौजूद था। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में मवेशी घुसने को लेकर होने वाले विवाद कई बार गंभीर रूप ले लेते हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलों में कानून हाथ में लेने के बजाय आपसी संवाद और कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने की अपील की है।







