एमपी पुलिस होगी पूरी तरह डिजिटल: अब फाइलों पर नहीं, ई-ऑफिस पर दौड़ेंगे आदेश

एमपी पुलिस होगी पूरी तरह डिजिटल: अब फाइलों पर नहीं, ई-ऑफिस पर दौड़ेंगे आदेश
डीजीपी कैलाश मकवाणा ने ली प्रदेश स्तरीय बैठक
हनुमान जयंती पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए दिए सख्त निर्देश
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश पुलिस अब अपनी कार्यप्रणाली को पूरी तरह आधुनिक और पारदर्शी बनाने जा रही है। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को आयोजित एक राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र में डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने स्पष्ट किया कि ई-ऑफिस प्रणाली से न केवल काम में गति आएगी, बल्कि जवाबदेही भी तय होगी।
पेपरलेस होगा कामकाज, बढ़ेगी पारदर्शिता डीजीपी ने प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नर, एसपी और सेनानियों को निर्देशित किया कि थानों से लेकर मुख्यालय तक ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें। एडीजी जयदीप प्रसाद ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर यह प्रणाली पूरी तरह लागू हो चुकी है और अब इसे जिलों में अनिवार्य किया जा रहा है। एनआईसी के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को डिजिटल नोटशीट और फाइल प्रबंधन के गुर सिखाए।
त्योहारों पर अलर्ट: हनुमान जयंती के लिए ‘सेक्टर प्लान’ लागू बैठक के दौरान डीजीपी ने आगामी हनुमान जयंती को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर भीड़भाड़ वाले और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करें। एंट्री और एग्जिट गेट अलग-अलग रखे जाएं ताकि क्रॉस-मूवमेंट न हो। सीसीटीवी मॉनिटरिंग और मजबूत बैरिकेडिंग के साथ सेक्टर आधारित व्यवस्था लागू हो। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कोई असुविधा न हो।
अपराधियों पर अब डिजिटल’ शिकंजा बैठक में ई-विवेचना और ई-साक्ष्य जैसे ऐप्स पर भी चर्चा हुई। विवेचकों को टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं ताकि घटनास्थल की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी तत्काल सिस्टम पर अपलोड हो सके। इसके साथ ही मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट के माध्यम से गिरफ्तार अपराधियों के फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और डीएनए सैंपल का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे उनकी पहचान और ट्रैकिंग आसान होगी।
इन ऐप्स से स्मार्ट बनेगी एमपी पुलिस:
e-Office: फाइलों का डिजिटल निपटारा।
e-Saakshya: घटनास्थल के सबूतों का डिजिटल संग्रहण।
Sandes App: अनुसंधान की प्रभावी मॉनिटरिंग।
MCU: अपराधियों का बायोमेट्रिक डेटा बैंक।







