रास्ता रोककर युवक की गर्दन पर चाकू मारने वाले बदमाश गिरफ्तार

रास्ता रोककर युवक की गर्दन पर चाकू मारने वाले बदमाश गिरफ्तार
भोपाल,यश भारत। राजधानी के गांधी नगर थाना इलाके में पैदल घर जा रहे एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक शातिर बदमाश और उसका नाबालिग साथी शामिल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पीठ और कंधे पर आए गंभीर घाव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1जून की रात करीब पौने नौ बजे फरियादी सेक्टर-11 से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोड़ीपुरा के पास घात लगाए बैठे आशु उर्फ आशु और फराज उर्फ सरफराज ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपी फराज ने जान से मारने की नीयत से सीधे उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचाया, जिसके कारण चाकू उसकी गर्दन पर न लगकर कंधे और पीठ पर लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सफलता
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी फराज और उसके नाबालिग साथी को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।







