जबलपुरमध्य प्रदेश

स्कूल में वर्चस्व के लिए नाबालिगों की गुंडागर्दी,मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

इंद्राना पुलिस चौकी में तीन छात्रों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज

जबलपुर,यशभारत। मझौली के इंद्राना पुलिस चौकी में स्थित स्कूल के नाबालिगों छात्रों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। स्कूल और गांव में अपना दबदबा दिखाने के लिए कुछ नाबालिग लड़कों ने अपने साथ पढ़ने वाले दो छात्रों को बेरहमी से पीटा। उनसे पैर पड़वाकर माफी मंगवाई। नाबालिगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह घटना 26 दिसंबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब वायरल हुआ। वीडियो सामने आने पर पीड़ित छात्रों के परिजन इंद्राना पुलिस चौकी पहुंचे और गांव के ही तीन नाबालिग लड़कों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।

शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि गांव के ही तीन नाबालिग लड़के, जो शासकीय स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र हैं, अपने ही स्कूल के एक अन्य छात्र के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान पीड़ित छात्र का साथी वहां पहुंचा और विरोध किया। मौके पर मौजूद चार से पांच लड़कों ने दोनों छात्रों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और बाद में उनसे जबरन पैर भी पड़वाए। हमलावर छात्र हॉकी और बेसबॉल जैसे हथियारों से लैस थे। पीड़ित छात्र खुद को बचाने के लिए बार-बार गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो भी आरोपियों ने खुद बनाया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंद्राना पुलिस चौकी में पीड़ित की शिकायत पर तीन छात्रों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि तीन छात्रों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है। जिन्हे गिरफ्तार कर मामले कि जांच कि जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button