नरेला में घटिया निर्माण पर बिफरे मंत्री विश्वास सारंग: इंजीनियर को लगाई फटकार, दिए सख्त निर्देश

नरेला में घटिया निर्माण पर बिफरे मंत्री विश्वास सारंग: इंजीनियर को लगाई फटकार, दिए सख्त निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गौतम नगर (वार्ड-58) में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब मंत्री सारंग उस मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे बन रही बाउंड्रीवॉल पर पड़ी। निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को देख मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और मौके पर मौजूद जिम्मेदारों की क्लास लगा दी।
बेस कमजोर देख भड़के मंत्री
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल का बेस (नींव) काफी कमजोर था, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। इस बड़ी लापरवाही पर मंत्री सारंग ने प्रभारी उप यंत्री नितिन खरे को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
निर्माण कार्यों की होगी निगरानी
मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों को लेकर भी कड़ा रुख अपना लिया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में जारी सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे अब खुद अचानक (औचक) निरीक्षण करेंगे। यदि कहीं भी मानकों के विपरीत काम पाया गया, तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ढिलाई बर्दाश्त नहीं
मंत्री ने मीडिया से चर्चा में दोहराया कि जनता के पैसों से हो रहे निर्माण कार्य पूरी मजबूती और पारदर्शिता के साथ होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए।






