बरगी में खनन कारोबारी ने तहसीलदार को धमकी दी, तीन डंपर जब्त, आरोपी गिरफ्तार
विवाद का वीडियो आया सामने

जबलपुर, यशभारत। बरगी थाना क्षेत्र में एक खनन कारोबारी ने राजस्व अधिकारियों को धमकी देने की घटना ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। मुरम-मिट्टी के अवैध परिवहन की कार्रवाई के दौरान कारोबारी रोहित जैन ने तहसीलदार रवींद्र पटेल और खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव को डंपर से कुचलने की धमकी दी। घटना मानेगांव के पास हुई, जहां तहसीलदार और टीम ने तीन डंपरों को जांच के लिए रोका और रॉयल्टी दस्तावेज मांगें। आरोपित रोहित जैन ने दस्तावेज दिखाने से इनकार करते हुए अपने ड्राइवर से कहा – “डंपर चढ़ा दो, जो होगा देखा जाएगा।”

सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों डंपरों को जब्त कर लिया। तहसीलदार की शिकायत पर आरोपी रोहित जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया।
विवाद के दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खनन कारोबारी अपने साथियों के साथ राजस्व अधिकारियों और पुलिस से उलझते दिख रहे हैं। वीडियो में वह डंपर को आगे बढ़ाने का निर्देश देते नजर आते हैं।







