देश

जयपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; तीन लोगों की मौत, कई झुलसे

वैध लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से संचालित की जा रही थी फैक्ट्री

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियां थाना क्षेत्र स्थित लिक कॉलोनी में एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से संचालित की जा रही पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण आग लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान के भीतर बड़ी मात्रा में बारूद और पटाखा सामग्री रखी हुई थी, जिसके चलते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के बाद एक के बाद एक तेज धमाके होते रहे, जिससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर संदेश नायक और अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में यह पटाखा फैक्ट्री बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि फैक्ट्री का संचालन कौन कर रहा था और इसमें किस स्तर पर लापरवाही बरती गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button