देश

कटनी – दमोह मार्ग पर कार पलटी, जौनपुर जा रहे एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, 4 गंभीर

कटनी/ दमोह, यशभारत। दमोह स्टेट हाईवे पर आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर (उत्तर प्रदेश) जा रही एक तेज रफ्तार कार बमनी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक युवक और एक नाबालिग लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

​जानकारी के अनुसार, गुजरात में रहने वाला विश्वकर्मा परिवार कार से अपने पैतृक गांव जौनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही उनकी कार कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बमनी गांव के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार सड़क से उतरकर नीचे खाई में जा पलटी। हादसे में 24 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा और 14 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घायलों की हालत नाजुक, जबलपुर रेफर

​हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान पूजा (30), संगम (20), अच्छे लाल (32) और संदीप (24) के रूप में हुई है। ​डॉक्टरों के अनुसार, घायलों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। ​अस्पताल में होश आने पर घायल संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि कार अचानक पलटी और उसके बाद क्या हुआ, उन्हें कुछ याद नहीं रहा। कुम्हारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

IMG 20260426 WA1079

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button