विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति ने कहा- सुपरवाइजर के साथ घूमने जाने पर लगाई थी फटकार

विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति ने कहा- सुपरवाइजर के साथ घूमने जाने पर लगाई थी फटकार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर (सेमरा) में सोमवार सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का शव घर के एक कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति द्वारा किसी बात को लेकर दी गई डांट से क्षुब्ध होकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डोली कुमारी पति रंजीत कुशवाह उम्र 28 साल , कैलाश नगर में रहती थी और सेमरा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम करती थी। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब उसकी सास उसे दूध निकालने के लिए जगाने गई, तो वह अपने कमरे में नहीं मिली। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो डोली का शव फंदे पर लटका हुआ था। शोर सुनकर पति रंजीत ने फौरन पत्नी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पति का दावा: सुपरवाइजर के साथ घूमने गई थी पत्नी
मृतका के पति रंजीत, जो पेशे से ऑटो चालक है, ने पुलिस को बताया कि डोली दो दिन पहले अपनी फैक्ट्री के एक सुपरवाइजर के साथ कहीं घूमने गई थी। इस बात की जानकारी लगने पर उसने पत्नी को फटकार लगाई थी। हालांकि, रंजीत का दावा है कि उसने केवल डांटा था, मारपीट नहीं की थी और बाद में उसे माफ भी कर दिया था। इसके बावजूद डोली ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फैक्ट्री के सुपरवाइजर और अन्य सहकर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सके।







